शहीद कभी नहीं मरते वे राष्ट्र के दिलों में अमर रहते हैं-जंडोर में शहीद हरिश सिंह जसरोटिया की प्रतिमा का अनावरण

 




कठुआ, 27 जून (हि.स.)। देशभक्ति और भावनाओं से ओतप्रोत माहौल में शनिवार को जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया ने जंडोर गांव में शहीद हरिश सिंह जसरोटिया (18 डोगरा रेजिमेंट) की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। यह समारोह उस वीर सपूत को समर्पित था जिन्होंने 29 अप्रैल 2025 को लेह में ऑपरेशन रक्षक के दौरान देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।

विधायक राजीव जसरोटिया ने शहीद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता सैनिकों के साहस, समर्पण और बलिदान पर टिकी है। उन्होंने कहा कि शहीद हरिश सिंह जसरोटिया का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। ऐसे वीर कभी नहीं मरते, वे हमेशा राष्ट्र के दिलों में जीवित रहते हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृतियों में बनाए गए स्मारक केवल पत्थर नहीं होते बल्कि वे राष्ट्रभक्ति, त्याग और प्रेरणा के प्रतीक होते हैं जो युवाओं को देश के प्रति कर्तव्य का एहसास कराते हैं। शहीद के माता-पिता जर्नैल सिंह जसरोटिया और त्रिप्ता रानी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि ऐसे वीर पुत्र को जन्म देने वाले परिवार भी उतने ही सम्मान के पात्र हैं। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि शहीदों के परिवारों का सम्मान करें और उनकी विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं।

युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने अनुशासन, ईमानदारी, समर्पण और देशभक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि देश सेवा केवल सीमा पर ही नहीं बल्कि शिक्षा, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के हर क्षेत्र में की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि डोगरा भूमि सदैव वीर सैनिकों की जन्मभूमि रही है जिन्होंने देश की रक्षा में अतुलनीय योगदान दिया है और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी। समारोह में मेजर अभिमन्यु कोशल, लेफ्टिनेंट कर्नल अमरीक सिंह, रिटायर्ड कैप्टन ज्ञान सिंह पठानिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और देश की एकता, अखंडता एवं देशभक्ति के मूल्यों को बनाए रखने की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सेवारत एवं सेवानिवृत्त सेना अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, युवा और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंज उठा और लोगों ने पुष्प अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया