शहीद सुरिंदर कुमार का बलिदान देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत- जसरोटिया
कठुआ, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जसरोटा के विधायक एवं पूर्व मंत्री राजीव जसरोटिया ने बुधवार को पंचायत अमाला के गांव गढ़ीनारी में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद राइफलमैन सुरिंदर कुमार शर्मा के शहीदी दिवस पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। उन्होंने शहीद के राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा।
राइफलमैन सुरिंदर कुमार शर्मा पुत्र बूई लाल शर्मा एवं पुष्पा देवी 29 राष्ट्रीय राइफल्स में सेवाएं देते हुए ऑपरेशन रक्षक के दौरान 7 अक्तूबर 2000 को श्रीनगर-पट्टन क्षेत्र में शहीद हुए थे।
राजीव जसरोटिया ने कहा कि सैनिकों का बलिदान केवल युद्धभूमि तक सीमित नहीं रहता बल्कि उसका प्रभाव देश की सुरक्षा, शक्ति और भविष्य पर पड़ता है। शहीदों के बलिदान से राष्ट्र की शांति और सुरक्षा विरोधी ताकतों को परास्त करने तथा देश की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने का संकल्प और मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि शहीदों को याद करना राष्ट्र का दायित्व है और उनके साहस एवं देशभक्ति से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहनी चाहिए। कठिन एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश की रक्षा करने वाले सैनिक कर्तव्य, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की सर्वोच्च मिसाल पेश करते हैं।
जसरोटिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव सशस्त्र बलों, शहीदों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सर्वोच्च सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता तथा जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण एवं सम्मान को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहीद सुरिंदर कुमार शर्मा का सर्वोच्च बलिदान आज भी जम्मू-कश्मीर के लोगों, विशेषकर युवाओं को देश की स्वतंत्रता, शांति और राष्ट्रीय सुरक्षा का महत्व समझने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने युवाओं से शहीद के साहस से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की सेवा और प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जसरोटिया ने शहीद परिवार के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र शहीद सुरिंदर कुमार शर्मा की वीरता और बलिदान को सदैव गर्व एवं कृतज्ञता के साथ याद रखेगा। कार्यक्रम में जेएंडके एक्स-सर्विसमैन वेलफेयर कमेटी के चेयरमैन ज्ञान सिंह पठानिया, महंत शांति गिरि जी, महंत कृष्णानंद जी, महंत शाम सुंदर गिरि जी, सरपंच अमाला मधु शर्मा, सरपंच सुदर्शन खजूरिया, पंच लाड़ी, अशोक जसरोटिया जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष कठुआ सन्नी सहित स्थानीय लोग एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया