देवोंन गांव में तूफान से मकान की टीन छत उड़ी

 

जम्मू,, 11 मई (हि.स.)।

पुरमंडल क्षेत्र के देवोंन गांव में बीती रात तेज बारिश और तूफान के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। तेज हवाओं से एक मकान की टीन की छत उड़ गई, जिससे नीचे गिरा मलबा एक व्यक्ति पर आ गिरा और वह घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी मोहर सिंह अपने परिवार के आठ सदस्यों के साथ घर में सो रहे थे तभी अचानक तेज तूफान के चलते मकान की छत उड़ गई। छत के साथ रखे पत्थर, ईंटें और लोहे के एंगल नीचे गिर पड़े जिससे मोहर सिंह घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित बच गए लेकिन घर के अंदर रखा सामान बारिश के पानी में भीगकर खराब हो गया। घायल मोहर सिंह ने बताया कि रात में सड़क बंद होने के कारण वह अस्पताल नहीं पहुंच सके और सुबह रास्ता खुलने के बाद ही उपचार करवाया।

उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग करते हुए कहा कि वह दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और इस हादसे के बाद उनके सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रभावित परिवार को राहत सामग्री और मुआवजा देने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता