सफाई को अभियान नहीं रोजमर्रा की आदत बनाएं-एसडीएम हीरानगर

 


हीरानगर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में हीरानगर में सप्ताह भर चले सेवा पर्व का शुक्रवार को समापन हुआ। इस अवसर पर उपजिला अस्पताल हीरानगर में कार्यक्रम आयोजित कर स्वच्छता, जनसेवा और सामुदायिक भागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम हीरानगर फूलैल सिंह जेकेएएस ने की।

कार्यक्रम में सीडीपीओ हीरानगर प्रिया लक्ष्मी जेकेएएस, बीएमओ हीरानगर, नगर समिति के ईओ, टीएसडब्ल्यूओ हीरानगर, नायब तहसीलदार, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा नगर समिति के सफाई कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपजिला अस्पताल के पार्क और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया गया। अस्पताल स्टाफ तथा नगर समिति के कर्मचारियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सार्वजनिक संस्थानों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर एसडीएम फूलैल सिंह ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गांधी जी का स्वच्छता, अनुशासन, निस्वार्थ सेवा और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल विशेष अवसरों या सरकारी अभियानों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति के दैनिक जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों से अपने घरों, कार्यस्थलों, सार्वजनिक संस्थानों तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता और बेहतर सैनिटेशन तभी संभव है जब इसमें आम जनता की निरंतर भागीदारी और प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी सुनिश्चित हो। कार्यक्रम के दौरान नगर समिति के कर्मचारियों और सफाई कर्मियों को उनके समर्पित सेवाओं के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसडीएम ने सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। सेवा पर्व के समापन अवसर पर लोगों से अपील की गई कि वे अभियान की समाप्ति के बाद भी स्वच्छता, जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर आगे बढ़ाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया