मतदाता अधिकारों को लेकर बड़े आंदोलन का ऐलान
जम्मू,, 03 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में इंडिया ब्लाक के नेताओं ने संयुक्त पत्रकारवार्ता कर मतदाता अधिकारों और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर अपनी चिंताएं सामने रखीं। नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और एसआईआर की प्रक्रिया के कारण पात्र मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। इन मुद्दों को लेकर गठबंधन ने बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन और रैलियां आयोजित करने की घोषणा की है।
कांग्रेस इंडिया ब्लाक के नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सुनिश्चित होना चाहिए और किसी भी मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं हटाया जाना चाहिए। विपक्षी दलों ने चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर भी कई सवाल उठाए हैं। वहीं चुनाव आयोग विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे गड़बड़ी और पक्षपात के आरोपों से इनकार करता रहा है। आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल पर एसआईआर-2026 से जुड़ी प्रक्रिया और मतदाता पंजीकरण की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस इंडिया ब्लॉक ने 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में जिला स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च और प्रदर्शन करने की घोषणा की है। इसके तहत जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसद नई दिल्ली में चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे।
गठबंधन के नेताओं का कहना है कि उनका आंदोलन मतदाता अधिकारों की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी अपनी मांगों को सामने रखने के लिए किया जा रहा है। जम्मू में हुई संयुक्त पत्रकारवार्ता के माध्यम से भी प्रदेश कांग्रेस इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने कार्यकर्ताओं और सहयोगी दलों को आगामी विरोध कार्यक्रमों को लेकर एकजुट होने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता