खेल मैदान की बदहाली पर बड़ा कदम, विधायक डॉ. भारत भूषण ने सचिव से की सीधी बात
कठुआ, 03 अगस्त (हि.स.)। कठुआ के जिला मुख्यालय स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम की जर्जर हालत को लेकर उठ रहे जनाक्रोश के बीच विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल की सचिव नुजहत गुल के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर स्टेडियम के विकास का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया।
बैठक में विधायक ने स्टेडियम की वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए बताया कि मैदान में गंदगी, कंकड़-पत्थर और बजरी फैली हुई है जिससे खिलाड़ियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पिचों की खराब हालत, दक्षिणी दिशा की टूटी हुई चारदीवारी, शेड के अंदर-बाहर बैठने की खराब व्यवस्था, क्षतिग्रस्त टाइल पथ और सफेदी की जरूरत जैसे कई गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से रखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिव स्पोर्ट्स काउंसिल नुजहत गुल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी करते हुए इंजीनियरिंग विंग को टूटी हुई चारदीवारी के पुनर्निर्माण, टाइल पथ की मरम्मत और मैदान में विशेष रूप से उत्तर-पूर्व दिशा में बेहतर मिट्टी उपचार सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्टेडियम में सफेदी करवाने के भी निर्देश दिए गए।
सचिव ने विधायक को आश्वस्त किया कि स्टेडियम में आधुनिक एथलेटिक्स ट्रैक के निर्माण और शेड एरिया में टेंसाइल कवर लगाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा खिलाड़ियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए अगले 2-3 दिनों के भीतर दो वाटर कूलर भी स्थापित किए जाएंगे। विधायक डॉ. भारत भूषण ने स्टेडियम में प्रशिक्षकों की तैनाती की आवश्यकता पर भी जोर दिया और नगरी परोल स्टेडियम को जल्द संचालित करने की मांग रखी। इस बैठक में बनिहाल के विधायक सज्जाद शाहीन और स्पोर्ट्स काउंसिल के प्रशासनिक अधिकारी गुलाम रसूल भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया