सांबा पुल निर्माण में अनियमितताओं पर सरकार की बड़ी कार्रवाई, पांच और कर्मचारी निलंबित
सांबा, 27 नवंबर (हि.स.)। सांबा जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन लंबे पुल में अनियमितताओं के मामले में जम्मू-कश्मीर सरकार ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए पांच और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इससे पहले इसी मामले में चार इंजीनियरों को निलंबित किया गया था। ताजा कार्रवाई के बाद इस मामले में निलंबित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कुल संख्या नौ हो गई है।
यह मामला सांबा जिले के सुम्ब ब्लॉक में तलूर के रास्ते टीओआई से धलोट तक जाने वाली सड़क पर पीएमजीएसवाई-तृतीय के तहत बनाए जा रहे लंबे पुल के निर्माण से जुड़ा है। लोक निर्माण विभाग (आरएंडबी) की ओर से जारी आदेश के अनुसार संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आचरण की जांच लंबित रहने तक उन्हें जम्मू-कश्मीर सिविल सेवा नियमों के तहत निलंबित किया गया है। निलंबित किए गए पांच कर्मचारियों में आरएंडबी डिवीजन नगरोटा के हेड ड्राफ्ट्समैन कुशल बर्रू, पीएमजीएसवाई डिवीजन जम्मू की हेड ड्राफ्ट्समैन अंजना, डीआईक्यूसी जम्मू के ड्राफ्ट्समैन अरुण कुमार, मुख्य अभियंता कार्यालय पीएमजीएसवाई जम्मू के ड्राफ्ट्समैन सन्नी शर्मा और पीएमजीएसवाई डिवीजन उधमपुर के कंप्यूटर ऑपरेटर चंदन शामिल हैं।
आदेश के मुताबिक निलंबन अवधि के दौरान इन सभी कर्मचारियों को लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, कठुआ-सांबा सर्किल के कार्यालय में अटैच रखा जाएगा। उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा। पुल निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार की ओर से लगातार की जा रही कार्रवाई से स्पष्ट है कि मामले की जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया