चोहाला मोड़ में गैस सिलेंडर फटने से घर में भीषण आग लग गई

 

जम्मू,, 23 जून (हि.स.)।

आरएस पुरा के चोहाला मोड़ क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय बड़ा हादसा हो गया जब एक घर में घरेलू गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार रात करीब 9 बजे जोगिंदर कुमार पुत्र गिरधारी लाल के घर में अचानक जोरदार धमाका हुआ जिसके बाद आग ने घर के एक हिस्से को तेजी से अपनी चपेट में ले लिया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत परिवार को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

स्थानीय लोगों के अनुसार सिलेंडर रसोई के अंदर नहीं बल्कि घर के बाहर रखा गया था, जिसके कारण धमाके के बावजूद बड़ा जानमाल का नुकसान टल गया। यदि सिलेंडर अंदर होता तो आग और भी भयावह रूप ले सकती थी। आग लगने के बाद घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य घरेलू सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास के घरों तक फैलने से भी रोक दिया, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता