नशा तस्करी पर कठुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिट-एनडीपीएस एक्ट में आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा

 


कठुआ, 06 अगस्त (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने नशा तस्करी में संलिप्त एक आदतन अपराधी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे पिट-एनडीपीएस एक्ट के तहत हिरासत में लेकर जिला जेल ऊधमपुर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस की देखरेख में थाना हीरानगर की टीम ने डिवीजनल कमिश्नर जम्मू द्वारा जारी डिटेंशन वारंट को अंजाम देते हुए परशोत्तम कुमार पुत्र परमानंद निवासी ढल्ली तहसील हीरानगर जिला कठुआ को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े दो मामले दर्ज हैं जिनमें थाना हीरानगर तथा थाना राजबाग शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी लगातार नशा तस्करी गतिविधियों में संलिप्त था जिसके चलते उसके खिलाफ पिट-एनडीपीएस एक्ट 1988 के तहत कार्रवाई की गई। डिवीजनल कमिश्नर जम्मू द्वारा जारी आदेश के बाद आरोपी को जिला जेल ऊधमपुर में बंद कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया