कठुआ पुलिस की बड़ी कामयाबी, चार चोरी के मामलों का खुलासा, 10 आरोपी गिरफ्तार, 17.50 लाख का सामान बरामद
कठुआ, 05 नवंबर (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने चोरी की वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों को सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इन मामलों में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं निशानदेही पर करीब 17.50 लाख रुपये मूल्य के चोरी के सामान की बरामदगी की है।
बरामद सामान में लगभग 113 ग्राम सोने के आभूषण, 52 ग्राम चांदी के आभूषण और एक एक्टिवा स्कूटी शामिल है।
जानकारी के अनुसार पहला मामला थाना कठुआ में दर्ज एफआईआर नंबर 429/2026 से संबंधित है। ठनून निवासी गुरदीप सिंह ने 1 सितंबर को शिकायत दर्ज करवाई थी कि 31 अगस्त को उनके घर से 17 हजार रुपये नकद, सोने के आभूषण और एक्टिवा स्कूटी चोरी हो गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने महबूब अख्तर निवासी डोडला बसोहली, वर्तमान निवासी तेली बस्ती बड़ी ब्राह्मणा जम्मू को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 36.65 ग्राम सोने के आभूषण और चोरी की एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से 13 मामलों में चालान पेश हो चुके हैं जबकि चार अन्य मामले जांच के अधीन हैं।
दूसरे मामले में पटयारी निवासी उर्मिला देवी के घर से सोने और चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत पर थाना कठुआ में एफआईआर नंबर 232/2026 दर्ज की गई थी। इस मामले में पुलिस ने कनिया कुमार निवासी जनयाल पंजाब, इमरान उर्फ बिल्ला निवासी उधमपुर, सुशील कुमार निवासी चक कठुआ और सुनार विशाल लूथरा निवासी शहीदी चैक कठुआ को गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही पर करीब छह लाख रुपये मूल्य के 40 ग्राम सोने और 52 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
तीसरे मामले में बिलावर के धर्मकोट निवासी राजेश कुमार के घर से सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत पर थाना बिलावर में एफआईआर नंबर 189/2026 दर्ज की गई थी। परिवार के एक रिश्तेदार के समारोह में शामिल होने के दौरान 31 अगस्त से 2 सितंबर के बीच घर की अलमारी से आभूषण चोरी हुए थे।
पुलिस ने जांच के दौरान यशपाल निवासी मैरा भद्राली सुजानपुर पठानकोट को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10.93 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए जिनकी कीमत लगभग 2.20 लाख रुपये बताई गई है।
इसी प्रकार चैथे मामले में हीरानगर के कट्टल ब्राह्मणा निवासी सफू की शिकायत पर थाना हीरानगर में एफआईआर नंबर 93/2026 दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने गुलाम अहमद शाह निवासी बड़गाम, ऐजाज अहमद शाह और रियाज अहमद शाह निवासी बारामूला तथा अनायत उल्लाह लोन निवासी अनंतनाग को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर करीब 2.22 तोला सोने के आभूषण बरामद किए गए जिनकी अनुमानित कीमत 4.30 लाख रुपये है।
इस प्रकार कठुआ बिलावर और हीरानगर पुलिस थानों में दर्ज चार चोरी के मामलों को सुलझाते हुए पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया और करीब 17.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया