कठुआ में नशा मुक्ति अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, अवैध दवाइयां बेचने वाली मेडिकल शॉप सील

 


कठुआ, 01 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में चल रहे 100 दिवसीय नशा मुक्ति अभियान के तहत कठुआ प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चकदेसा सिंह क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। यह कार्रवाई शुक्रवार को तहसीलदार कठुआ विक्रम शर्मा की अगुवाई में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कठुआ शहर के समीप चकदेसा सिंह क्षेत्र में संचालित “समृद्धि मेडिकोज” नामक दुकान पर अवैध रूप से ऐसी दवाइयों की बिक्री की जा रही थी, जो बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के बेचना प्रतिबंधित है।

दुकान के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने के बाद प्रशासन ने एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम के पहुंचने से पहले ही दुकानदार मौके से कुछ दवाइयां लेकर फरार हो गया और दुकान खुली छोड़ दी। जांच के दौरान दुकान में आवश्यक रिकॉर्ड, कंप्यूटर सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे भी नहीं पाए गए। टीम ने मौके से संदिग्ध कैप्सूल बरामद कर उन्हें जब्त कर लिया।

तहसीलदार विक्रम शर्मा ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने और अवैध दवाइयों की बिक्री के चलते दुकान को सील किया गया है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में केवल प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर्याप्त नहीं है, बल्कि जन सहयोग भी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे से जुड़ी गतिविधियां या अवैध दवाइयों की बिक्री हो रही हो, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि ऐसे अभियानों को आगे भी सख्ती से जारी रखा जाएगा, ताकि आने वाले समय में जम्मू-कश्मीर को नशा मुक्त बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया