अवैध खनन पर खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, लखनपुर में 13 टिप्पर जब्त
कठुआ, 14 नवंबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को विभाग की टीम ने लखनपुर में कार्रवाई करते हुए पंजाब की ओर अवैध रूप से लघु खनिज ले जाने का प्रयास कर रहे 13 टिप्परों को जब्त किया।
जिला खनन अधिकारी वीरेंद्र सिंह के कार्यभार संभालने के बाद जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। यह कार्रवाई जिला उपायुक्त राजेश शर्मा जेकेएएस और खनन एवं भूविज्ञान विभाग के निदेशक पवन कुमार शर्मा जेकेएएस के निर्देशों के तहत की गई। अधिकारियों ने जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया