हटली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 36 गोवंश बचाए 2 तस्कर गिरफ्तार

 


कठुआ, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले में गोवंश तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कठुआ पुलिस ने हटली मोड़ और लखनपुर क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में कुल 36 गोवंश को बचाया और दो तस्करों को गिरफ्तार कर दो ट्रकों को जब्त किया है।

पहले मामले में हटली पुलिस पोस्ट प्रभारी इशान शर्मा के नेतृत्व में हटली पुलिस ने हटली मोड़ पर नाका जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका जिसका चालक मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान वाहन में ठूंस-ठूंस कर भरे गए 22 गोवंश बरामद कर उन्हें मुक्त कराया गया और ट्रक को जब्त किया गया। इस संबंध में थाना कठुआ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

दूसरे मामले में लखनपुर में पुलिस ने एक ट्रक को रोककर जांच की जिसमें 14 गोवंश क्रूरता से भरे पाए गए। इस दौरान पुलिस ने चालक मोहम्मद आबिद और उसके साथी आसिफ हुसैन को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया