कठुआ पुलिस का 100 दिन का बड़ा एक्शन-127 नशा तस्कर गिरफ्तार, 1.27 करोड़ की ड्रग्स जब्त

 


कठुआ, 21 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में नशा मुक्त अभियान के तहत जिला पुलिस कठुआ ने 100 दिनों में बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान पुलिस ने 102 एनडीपीएस मामले दर्ज कर 127 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जबकि 59 जमानत आदेशों को चुनौती दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कठुआ मोहिता शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत करीब 1.27 करोड़ मूल्य की नशीले पदार्थों की जब्ती की गई। इसमें 1.614 किलोग्राम हेरोइन, 26.61 किलोग्राम पोस्त, 634 ग्राम गांजा और 1.21 किलोग्राम चरस शामिल है। पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई करते हुए 15 अचल संपत्तियां (12.27 करोड़) और 23 चल संपत्तियां (47 लाख) अटैच कीं जबकि 5 मकान (4.5 करोड़) ध्वस्त किए गए। इसके अलावा 61 बैंक खाते फ्रीज कर 6.06 लाख की राशि जब्त की गई। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत 51 ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश, 68 आरसी और 91 ठेकेदार कार्ड रद्द करने की कार्रवाई की गई। साथ ही 83 पासपोर्ट जब्त करने, 161 आधार निष्क्रिय करने और 50 पैन कार्ड फ्लैग किए गए।

इसी प्रकार नशे की खेती पर भी सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 22 कनाल 2 मरला गांजा और 8.5 मरला पोस्ता फसल नष्ट की। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत 169.288 किलोग्राम ड्रग्स, 1036 कैप्सूल और 909 टैबलेट नष्ट किए गए। समुदायिक जागरूकता के तहत 206 कार्यक्रम आयोजित कर 17,547 लोगों को जागरूक किया गया जबकि 29 कमेटियां गठित की गईं। एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने कहा कि कठुआ पुलिस नशे के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करेगी और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया