कठुआ भाजपा कार्यालय में महिला मोर्चा की प्रेस वार्ता, नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कांग्रेस को घेरा

 


कठुआ, 21 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा कार्यालय कठुआ में महिला मोर्चा की ओर से 16 व 17 अप्रैल को संसद में महिला आरक्षण बिल पारित होने के मुद्दे पर एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष प्रिया सेठी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।

प्रिया सेठी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से लाया गया एक महत्वपूर्ण विधेयक है। उन्होंने बताया कि यह बिल वर्ष 2023 में पारित हो चुका है जिसमें महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण में संशोधन का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इसमें केवल आवश्यक संशोधन किए गए हैं ताकि अधिक प्रभावी ढंग से इसे लागू किया जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्देश्य संसद के दरवाजे महिलाओं के लिए व्यापक रूप से खोलना है। इसी सोच के तहत इस अधिनियम को पारित कराने के प्रयास किए गए। प्रिया सेठी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 70 वर्षों में महिलाओं को उनका उचित अधिकार नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लंबे समय तक सत्ता में थे तब इस तरह के महत्वपूर्ण विधेयक को गंभीरता से नहीं लिया गया बल्कि संसद में इसका विरोध तक किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई हैं जिनमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जन धन योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं जिनसे महिलाओं को सीधा लाभ मिला है।

प्रिया सेठी ने कहा कि भविष्य में जब संसद की सीटों की संख्या बढ़कर 850 के करीब पहुंचेगी तब उसमें एक तिहाई हिस्सेदारी महिलाओं की सुनिश्चित होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इस प्रक्रिया में बाधा डालते रहे हैं। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया