महबूबा ने पीएम आवास के पास स्थित मस्जिद को बेदखली का नोटिस दिए जाने पर केंद्र की आलोचना की

 

श्रीनगर, 22 अक्टूबर(हि.स.)। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने गुरुवार को प्रधानमंत्री आवास के पास स्थित एक सदी पुरानी मस्जिद को खाली करने का नोटिस दिए जाने को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने सरकार पर देश के मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं की पूरी तरह से अनदेखी करने का आरोप लगाया।

अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री आवास के पास स्थित 'रेस कोर्स मस्जिद' को खाली करने का नोटिस दिया है और वहां की पानी और बिजली की आपूर्ति काट दी है।

महबूबा ने ' एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मुस्लिम देशों में जाकर वहां की मस्जिदों की भव्यता की तारीफ करना और इस्लामी भावनाओं व विरासत के प्रति सम्मान दिखाना लेकिन अपने ही देश में प्रधानमंत्री आवास के पास 120 साल पुरानी ऐतिहासिक मस्जिद को खाली करने का नोटिस मिलना विदेशों में मस्जिदों की तारीफ करने और भारत के अपने मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं की पूरी तरह अनदेखी करने के बीच का यह विरोधाभास वाकई हैरान करने वाला है।

अधिकारियों के अनुसार मस्जिद प्रबंधन को लगभग 19 अक्टूबर को खाली करने का नोटिस मिला था और उन्हें जगह खाली करने के लिए छह दिन का समय दिया गया था।

इस नोटिस में बताया गया है कि यह ज़मीन केंद्र सरकार के अधीन 'लैंड एंड डेवलपमेंट ऑफिस' की है और इसमें अनधिकृत कब्ज़े तथा निर्माण के खिलाफ चेतावनी दी गई है। लैंड एंड डेवलपमेंट ऑफिस का कहना है कि यह ढांचा सरकारी ज़मीन पर बना है और वे इसे अतिक्रमण मानते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता