ज्यौड़ियां में विराट श्री महाविष्णु यज्ञ का दूसरा दिन, गुरु मां ने कहा- अहंकार छोड़ें, युवाओं को सही दिशा दिखाएं
जम्मू, 16 नवंबर (हि.स.)।
जम्मू के गढ़ी ज्यौड़ियां में आयोजित विराट श्री महाविष्णु यज्ञ के दूसरे दिन धार्मिक प्रवचनों के दौरान श्रद्धालुओं को अहंकार से दूर रहने और युवाओं को अच्छे संस्कार देने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अतमिता गुरु मां ने कहा कि इंसान को कभी भी अहंकार और अभिमान नहीं करना चाहिए क्योंकि ये दोनों व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर सकते हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी को देश और समाज की रीढ़ बताते हुए कहा कि युवाओं को सही दिशा दिखाना हम सभी की जिम्मेदारी है। आज जरूरत है कि युवाओं को अच्छे विचारों, संस्कारों और धार्मिक शिक्षा से जोड़ा जाए। वहीं, महंत केशव दास जी महाराज ने कहा कि युवाओं को सत्संग में हिस्सा लेना चाहिए क्योंकि सत्संग से उनका ध्यान प्रभु भक्ति की ओर बढ़ता है और वे जीवन में सही रास्ता अपना सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता