मशीन से बने कालीन को कश्मीरी हस्तनिर्मित बताकर बेचा गया, क्राइम ब्रांच ने किया आरोप पत्र दाखिल
श्रीनगर, 28 नवंबर (हि.स.)।कश्मीर की विशेष अपराध शाखा ने तंगमर्ग स्थित प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में दो व्यक्तियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। इन पर जाली भौगोलिक संकेत (जीआई) प्रमाण पत्र का उपयोग करके कृत्रिम, मशीन से बने कालीन को असली कश्मीरी हाथ से बुने कालीन के रूप में बेचने का प्रयास करने का आरोप है।
सीबीके ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 61(2) तथा माल के भौगोलिक संकेत अधिनियम की धारा 39 और 40 के तहत दर्ज एफआईआर संख्या 03/2025 के संबंध में आरोप पत्र दाखिल किया गया है। यह मामला तंगमर्ग स्थित कश्मीर आर्ट बाजार के मालिक मोमिन फारूक आंचरी और उनके विक्रेता गुलाम मोहिउद्दीन राथर के खिलाफ दर्ज किया गया है। यह मामला कश्मीर के हस्तशिल्प एवं हथकरघा विभाग के तत्कालीन निदेशक मुसरत इस्लाम सोहरवर्दी (जेकेएएस) की शिकायत से शुरू हुआ जिसमें आरोप लगाया गया था कि एक पर्यटक को असली जीआई टैग वाला प्रामाणिक कश्मीरी हाथ से बुना हुआ कालीन बताकर कृत्रिम, मशीन से बने कालीन को खरीदने के लिए प्रेरित किया गया था। प्रस्तावित लेन-देन का मूल्य 2.55 लाख रुपये था जिसके लिए 25,000 रुपये का अग्रिम भुगतान प्राप्त किया गया था और बाद में वापस कर दिया गया था।
जांच के दौरान श्रीनगर स्थित भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा किए गए तकनीकी परीक्षण से यह सिद्ध हुआ कि कालीन कृत्रिम और मशीन से निर्मित था, न कि हाथ से बुना हुआ। इसके अलावा श्रीनगर स्थित एफएसएल द्वारा किए गए फोरेंसिक परीक्षण ने व्हाट्सएप संदेशों और कालीन की उन तस्वीरों की पुष्टि की जिन पर जीआई टैग और क्यूआर कोड अंकित था। तदनुसार कानून के अनुसार न्यायिक निर्णय के लिए सक्षम न्यायालय के समक्ष आरोप पत्र प्रस्तुत कर दिया गया है। आम जनता और पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे कश्मीरी हस्तशिल्प खरीदने से पहले जीआई प्रमाणन की जांच करें और किसी भी संदिग्ध धोखाधड़ी या दुरुपयोग की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। जम्मू-कश्मीर अपराध शाखा उपभोक्ता हितों की रक्षा धोखाधड़ी को रोकने और कश्मीर के पारंपरिक हस्तशिल्पों की प्रामाणिकता और समृद्ध विरासत को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता