कठुआ में भगवान परशुराम जन्मोत्सव 13 अप्रैल से शुरू, 19 को निकलेगी भव्य शोभा यात्रा
कठुआ, 12 अप्रैल (हि.स.)। श्री ब्राह्मण सभा कठुआ की ओर से रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में भगवान श्री परशुराम जी के जन्मोत्सव समारोह की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई। सभा के अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता की अध्यक्षता में जानकारी दी गई कि यह सात दिवसीय धार्मिक महोत्सव 13 अप्रैल से विधिवत शुरू होगा।
बताया गया कि 13 अप्रैल सोमवार को सुबह 10 बजे कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया जाएगा। कथा वाचन के दौरान श्री गंगाधर जी महाराज एवं अखनूर के श्री कुलदीप शास्त्री जी अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश देंगे। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन 19 अप्रैल रविवार को हवन-पूजन के साथ होगा। इसी दिन सुबह 11 बजे शहर में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। श्री ब्राह्मण सभा कठुआ ने जिले के सभी नागरिकों, गांववासियों तथा सभी धर्मों के लोगों से अपील की है कि वे इस सात दिवसीय महोत्सव और शोभा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें। इस अवसर पर बालकृष्ण शर्मा, मास्टरश् अमरनाथ शर्मा, मुल्क राज शर्मा, नीलम शर्मा, सुषमा शर्मा, इन्देश्वर शर्मा, अनिल शर्मा, मनुज केसर, सचिन खजुरिया, सुनिल शर्मा, स्वर्ण शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया