जल संरक्षण पर दीर्घकालिक उपाय जरूरी-जावेद राणा
सांबा, 22 अगस्त (हि.स.)। जल शक्ति, वन पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण तथा जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने राजपोरा कौलर, बड़ी ब्राह्मणा में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर लोगों की समस्याएं और विकास संबंधी मांगें सुनीं। इस दौरान क्षेत्र में जल उपलब्धता, बाढ़ सुरक्षा, क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे और पेयजल आपूर्ति से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
जल संरक्षण को लेकर मंत्री ने कहा कि पानी की समस्या का समाधान अस्थायी उपायों से नहीं बल्कि दीर्घकालिक एवं टिकाऊ योजना से किया जाना चाहिए। उन्होंने वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और उपलब्ध जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर जोर देते हुए अधिकारियों को व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। लोगों ने हाल की बारिश व बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों व अन्य ढांचे की स्थायी बहाली, बाढ़ सुरक्षा उपाय मजबूत करने तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग रखी। वन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गुणवत्तापूर्ण लकड़ी उपलब्ध कराने और वन अधिकार अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग भी उठाई।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि जायज मांगों का चरणबद्ध और समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से विकास कार्यों में तेजी लाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया