पुरानी मांग हुई पूरी, तीन गलियों और नाले का निर्माण कार्य जनता को समर्पित
कठुआ, 3 अक्टूबर (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने शनिवार को करीब 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित तीन गलियों एवं नाले के विकास कार्यों का उद्घाटन कर उन्हें स्थानीय लोगों को समर्पित किया। इन कार्यों का उद्घाटन वार्ड नंबर 19 के शिव नगर हनुमान चौक वाली गली तथा पारलीबंड एन के गुप्ता ऑफिस के समीप और वार्ड नंबर 13 के शास्त्री नगर में किया गया।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक डॉ. भारत भूषण ने कहा कि इन गलियों और नालियों का निर्माण स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी जिसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। विधायक ने बताया कि कठुआ विधानसभा क्षेत्र में करीब 8.30 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं जिनका लाभ लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 21 में भी विकास कार्य जारी हैं और जो गलियां अभी निर्माण से वंचित हैं उन्हें भी जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं ताकि लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान युवा नेता राहुल देव सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों के लिए विधायक डॉ. भारत भूषण का आभार जताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया