सैंपर सप्ला में बंद घर को बनाया निशाना, लाखों की चोरी
कठुआ, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले के नगरी पुलिस पोस्ट के अधीन गांव सैंपर सप्ला में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार उनकी बेटी बीमार होने के कारण वे पिछले तीन दिनों से घर से बाहर थे। जब सोमवार को दोपहर वापस लौटे तो घर के ताले टूटे हुए और खिड़की की ग्रिल क्षतिग्रस्त मिली। अंदर जाकर देखा तो अलमारियां टूटी हुई थीं और घर में रखी नगदी व जेवरात सहित अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही नगरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे की लत से ग्रसित कुछ युवक इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया