शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया
जम्मू, 01 अप्रैल (हि.स.)।
आर.एस पुरा क्षेत्र के ममका गांव में प्रस्तावित शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ-साथ महिलाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व पंच सरदार दलजीत सिंह की देखरेख में किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गांव में शराब की दुकान खोलने के फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि गांव में शराब की दुकान खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा और युवाओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
महिलाओं ने विशेष रूप से इस मुद्दे पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शराब की उपलब्धता बढ़ने से घरेलू हिंसा और अन्य सामाजिक समस्याएं भी बढ़ सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गांव के शांतिपूर्ण वातावरण को बनाए रखने के लिए इस फैसले को तुरंत वापस लिया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो वे आने वाले समय में और भी बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA