कठुआ में पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत लोन मेला आयोजित, 80 से अधिक लाभार्थियों ने लिया हिस्सा

 


कठुआ, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिला उद्योग केंद्र कठुआ द्वारा पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए कार्यालय परिसर में लोन मेले का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाप्रबंधक मुश्ताक अहमद चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया जबकि संचालन फंक्शनल मैनेजर सूर्यवंशी मनीष भगत ने किया। मेले में जम्मू कश्मीर बैंक के अधिकारियों, कॉमन सर्विस सेंटर प्रतिनिधियों तथा जिलेभर से आए 80 से अधिक लाभार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य योजना के तहत ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल बनाना और लाभार्थियों की समस्याओं का समाधान करना रहा। इस दौरान अधिकारियों ने ट्रेंच-1 (1 लाख रुपये) और ट्रेंच-2 (2 लाख रुपये) ऋण, ब्याज दरों तथा आवेदन की पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सीएससी प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिजिटल आवेदन और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में आयोजित संवाद सत्र के दौरान लाभार्थियों की विभिन्न समस्याओं को मौके पर ही बैंक और सीएससी प्रतिनिधियों के सहयोग से हल किया गया। यह पहल जिला उद्योग केंद्र कठुआ द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पारंपरिक कारीगरों व शिल्पकारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया