जीजीएम साइंस कॉलेज में 'नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान' का सीधा प्रसारण
जम्मू, 02 अगस्त (हि.स.)। गवर्नमेंट गांधी मेमोरियल (जीजीएम) साइंस कॉलेज, जम्मू और क्लस्टर यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू (सीएलयूजे) में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी 'नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान' के शुभारंभ का सीधा प्रसारण देखा गया। सम्मेलन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थी, शिक्षक, एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक, कॉलेज की एनसीओआरडी समिति के सदस्य तथा विश्वविद्यालय के अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में जम्मू पूर्व के विधायक युधवीर सेठी मुख्य अतिथि तथा क्लस्टर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. के.एस. चंद्रशेखर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नशे की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों, समाज और सरकारी एजेंसियों को मिलकर जागरूकता फैलानी होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं और शिक्षण संस्थानों को इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
अपने संबोधन में विधायक युधवीर सेठी ने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने अपने विधायक निधि से जीजीएम साइंस कॉलेज के आधारभूत ढांचे के विकास के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा भी की जिसका उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वागत किया।
कुलपति प्रो. के.एस. चंद्रशेखर ने कहा कि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है बल्कि सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, नवाचार, खेल और राष्ट्र निर्माण की दिशा में अपनी ऊर्जा लगाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा 'नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान' के उद्देश्यों को सफल बनाने और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेने के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा