जम्मू और कश्मीर में 14 से 17 सितंबर तक कई स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना
श्रीनगर, 14 सितंबर (हि.स.)। नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जम्मू और कश्मीर में आज यानि 14 से 17 सितंबर तक सुबह और दोपहर के समय छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार 18 से 25 सितंबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम का मिजाज इस अवधि के उत्तरार्ध में कृषि गतिविधियों के लिए अपेक्षाकृत अनुकूल रहने की उम्मीद है। हालांकि, अधिकारियों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है क्योंकि 14 से 17 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर गरज, बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं।
कृषक समुदाय के लिए स्थिति उत्साहजनक बनी हुई है क्योंकि सेब और धान की कटाई के साथ-साथ अन्य नियमित कृषि कार्य भी जारी रह सकते हैं जबकि किसानों को अगले कुछ दिनों में मौसम में अचानक बदलाव के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
17 सितंबर के बाद मौसम में सुधार और अपेक्षाकृत शुष्क परिस्थितियों से किसानों को कटाई और अन्य कृषि गतिविधियों में तेजी लाने का अच्छा अवसर मिल सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता