उपराज्यपाल ने मवेशियों के परिवहन के लिए व्यापक एसओपी तैयार करने हेतु एक उच्च स्तरीय समिति के गठन का दिया आदेश
श्रीनगर, 10 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पूरे जम्मू और कश्मीर में मवेशियों के परिवहन के लिए व्यापक मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) तैयार करने हेतु एक उच्च स्तरीय समिति के गठन का आदेश दिया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार समिति मौजूदा कानूनों और ढांचों की समीक्षा करेगी और वाहनों के साथ-साथ पैदल मवेशियों के परिवहन को नियंत्रित करने वाली विस्तृत एसओपी तैयार करेगी। यह समिति परिवहन के दौरान जांचे जाने वाले परमिट और स्वास्थ्य प्रमाण पत्रों सहित दस्तावेज़ीकरण और सत्यापन प्रोटोकॉल भी निर्धारित करेगी। इसे परिवहन के दौरान पशु कल्याण सुनिश्चित करने, विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करने और अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए मानक प्रक्रियाएं तैयार करने के साथ-साथ वैध माल की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के उपायों की सिफारिश करने का भी कार्य सौंपा गया है।
समिति केंद्र शासित प्रदेश में मवेशियों के परिवहन की निगरानी में पारदर्शिता और दक्षता में सुधार के लिए प्रौद्योगिकी-आधारित समाधानों के उपयोग का सुझाव भी देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह