उपराज्यपाल के निर्देश पर लेह को विश्व स्तरीय पर्यटन शहर में बदलने का अभियान शुरू
लेह, 20 मार्च (हि.स.)। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के निर्देश पर लेह शहर में व्यापक स्वच्छता एवं शहरी सुधार अभियान शुरू किया गया है।संबंधित सरकारी एजेंसियों ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों में सड़कों के किनारे जमा धूल, निर्माण और विध्वंस कचरे को हटाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू कर दिए हैं।
प्रारंभिक चरण में लोक निवास, सचिवालय, लेह मुख्य बाजार, जीवत्सल और आसपास के क्षेत्रों सहित प्रमुख स्थानों पर ध्यान केंद्रित किया जाना है।
साथ ही व्यापक पौधरोपण की तैयारी चल रही है। शहर की हरियाली और सौंदर्य को बढ़ाने के लिए इन क्षेत्रों में गड्ढे खोदे जा रहे हैं। इस एकीकृत दृष्टिकोण का उद्देश्य न केवल स्वच्छता में सुधार करना है, बल्कि पर्यावरणीय स्थिरता और शहरी सौंदर्यीकरण में भी योगदान देना है। यह पहल सक्सेना की 15 मार्च को लेह बाजार और पुराने लेह शहर की यात्रा के बाद शुरू की गई है, जिसमें उन्होंने स्वच्छता, बुनियादी ढांचा विकास और समग्र शहरी प्रबंधन से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए व्यापक और निरंतर प्रयास करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे।
उपराज्यपाल सक्सेना स्वयं कार्यों की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के समन्वित और दृढ़ प्रयासों से लेह में स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पर्यटक-अनुकूल शहरी वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। लद्दाख के लिए अपने दृष्टिकोण को दोहराते हुए उपराज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि लद्दाख को विश्व के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक के रूप में स्थापित करने करना आवश्यक है।प्रशासन ने नागरिकों, स्थानीय हितधारकों और पर्यटकों से इस पहल में सक्रिय रूप से सहयोग और भागीदारी करने का आग्रह किया है, ताकि इसकी दीर्घकालिक सफलता और निरंतरता सुनिश्चित हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह