उपराज्यपाल ने घायल अमरनाथ यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना

 

श्रीनगर, 10 जुलाई (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि अमरनाथ की यात्रा पर निकले छह तीर्थयात्री उधमपुर जिले के तोल्डी नाले के पास एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। पहलगाम बेस कैंप जाते समय उनका वाहन सड़क से फिसल गया। एलजी सिन्हा ने एक पोस्ट में लिखा, मुझे मध्य प्रदेश के रीवा से आ रहे श्री अमरनाथ जी की यात्रा पर निकले 6 तीर्थयात्रियों के साथ उधमपुर के तोल्डी नाले के पास हुई सड़क दुर्घटना की सूचना मिली है। श्रद्धालु पवित्र गुफा दर्शन के लिए पहलगाम बेस कैंप जा रहे थे तभी उनका वाहन सड़क से फिसल गया। एक तीर्थयात्री गंभीर रूप से घायल है जबकि अन्य पांच की हालत स्थिर है और वर्तमान में उन्हें उधमपुर जीएमसी में इलाज मिल रहा है। गंभीर रूप से घायल तीर्थयात्री को जीएमसी जम्मू में स्थानांतरित कर दिया गया है।

पोस्ट में आगे लिखा है, मैंने जम्मू के संभागीय आयुक्त, उधमपुर के उपायुक्त और जीएमसी जम्मू और उधमपुर के चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि उन्हें सर्वोत्तम संभव उपचार मिले। मैं भगवान शिव से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह