हम उन वीर योद्धाओं के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हैं जिन्होंने कर्तव्य की राह में अपने प्राणों की आहुति दी:उपराज्यपाल
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपराज्यपाल का संदेश
जम्मू, 14 अगस्त (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य अपने संदेश में कहा कि मेरे प्रिय भाइयों और बहनों हमारे 80वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर मैं आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। इस अवसर पर हम अपने स्वतंत्रता संग्राम के सभी नेताओं, योद्धाओं और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
इस अवसर पर मैं हमारे सशस्त्र बलों, अर्धसैनिक बलों, राज्य पुलिस और राष्ट्र की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए अथक परिश्रम कर रहे सभी अन्य एजेंसियों के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करना चाहता हूं।
हम उन वीर योद्धाओं के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हैं जिन्होंने कर्तव्य की राह में अपने प्राणों की आहुति दी। जम्मू-कश्मीर के मेहनती किसानों, परिश्रमी श्रमिकों, व्यापारियों, वैज्ञानिकों, शिक्षकों, नवप्रवर्तकों, शिल्पकारों, नागरिक समाज समूहों, नारी शक्ति और युवा शक्ति को हार्दिक बधाई।
आप सभी ने हमारे केंद्र शासित प्रदेश के गौरव को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और हमें आपके योगदान पर अत्यंत गर्व है। आइए हम अपनी शक्ति के पीछे छिपी विविधता को संजोएं और हर कीमत पर अपनी राष्ट्रीय एकता और अखंडता की रक्षा करें। यही स्वतंत्रता दिवस का मूल संदेश है।
अपने संदेश में उन्होंने आगे कहा कि जम्मू कश्मीर ने तीव्र सामाजिक-आर्थिक विकास के पथ पर दृढ़ता से कदम रखा है और पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति देखी है। केंद्र शासित प्रदेश को विकास का जबरदस्त प्रोत्साहन मिला है, कई विशाल परियोजनाएं पूर्ण होने के कगार पर हैं। प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है जिससे यह सुनिश्चित हो रहा है कि विकास के लाभ क्षेत्र के हर कोने तक पहुंचें। मुझे विश्वास है कि हम निकट भविष्य में समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुएंगे।
इस शुभ अवसर पर आइए हम सब मिलकर आगे बढ़ने और एक मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित जम्मू कश्मीर के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएं। मैं केंद्र शासित प्रदेश के सभी नागरिकों से शांति और समृद्धि की रक्षा में एकजुट होने का आग्रह करता हूं। वह दिन तेजी से निकट आ रहा है जब हमारा प्रिय जम्मू कश्मीर देश के अग्रणी विकसित क्षेत्रों में से एक बनकर उभरेगा और एक विकसित भारत के सपने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
एक बार फिर आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
जय हिंद!
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह