जीएमसी जम्मू में ‘अपना भोजनालय’ के उन्नयन समारोह में शामिल हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा

 

जम्मू,, 14 अप्रैल (हि.स.)।

जम्मू स्थित जीएमसी में आज ‘अपना भोजनालय’ के उन्नयन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने ‘अपना भोजनालय’ की सुविधाओं के विस्तार और उन्नयन का शुभारंभ किया तथा इसे मरीजों और उनके परिजनों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

उपराज्यपाल ने कहा कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों को सस्ती, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहलें न केवल लोगों को राहत देती हैं, बल्कि उनके कठिन समय में सहारा भी बनती हैं।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं का मजबूत होना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने इस पहल से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, चिकित्सकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी इस पहल का स्वागत किया और इसे जनहित में एक सराहनीय कदम बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता