उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर हज कमेटी में पांच सदस्यों की नियुक्ति की
जम्मू,, 01 नवंबर (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर हज कमेटी में पांच सदस्यों की नियुक्ति की है। इन सभी सदस्यों का कार्यकाल तीन साल का होगा। नियुक्त किए गए सदस्यों में सांसद, विधायक और अन्य प्रमुख व्यक्ति शामिल हैं, जो हज यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
नियुक्त किए गए पांच सदस्यों में अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र से सांसद मियां अल्ताफ अहमद, बुधल विधानसभा क्षेत्र से विधायक जावेद इकबाल, कुपवाड़ा से विधायक मीर मोहम्मद फैयाज, जफर इकबाल मन्हास और अहसान उल हक मिर्जा शामिल हैं।
उपराज्यपाल की ओर से की गई इन नियुक्तियों के तहत सभी पांच सदस्य अगले तीन वर्षों तक जम्मू-कश्मीर हज कमेटी में अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।
हज कमेटी जम्मू-कश्मीर से हर साल हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की सुविधाओं और यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसमें हज यात्रियों के लिए जरूरी जानकारी उपलब्ध करवाना, संबंधित विभागों के बीच तालमेल बनाना और यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान में सहयोग करना शामिल है।
नए सदस्यों की नियुक्ति के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि हज यात्रियों से जुड़ी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। कमेटी के सदस्य यात्रियों की समस्याओं और जरूरतों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने तथा हज यात्रा की तैयारियों में सहयोग करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
जम्मू-कश्मीर से हर साल बड़ी संख्या में लोग हज यात्रा के लिए जाते हैं। ऐसे में हज कमेटी की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। नए सदस्यों की नियुक्ति से कमेटी के कामकाज और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े मामलों में बेहतर तालमेल की उम्मीद की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता