उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री ने लोगों को शब-ए-कद्र की बधाई दी
जम्मू, 16 मार्च (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज शब-ए-कद्र के अवसर पर लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
एक संदेश में उपराज्यपाल ने कहा कि शब-ए-क़द्र के शुभ अवसर पर मैं सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। यह पवित्र रात निस्वार्थ सेवा, करुणा और ईश्वरीय कृपा के गुणों का प्रतीक है। सर्वशक्तिमान ईश्वर इस मुबारक रात में हमारी प्रार्थना स्वीकार करें और हमें प्रेम, एकता और सांप्रदायिक सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ाते रहें।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज रात मनाए जा रहे शब-ए-क़द्र (लैलात-उल-क़द्र) के पवित्र अवसर पर जम्मू और कश्मीर के लोगों को हार्दिक बधाई दी। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने इस मुबारक रात के अपार आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला जो रमजान के पवित्र महीने के अंतिम दस दिनों में पड़ती है और इसे ईश्वरीय दया, क्षमा और अनगिनत कृपा की रात माना जाता है।
उन्होंने कहा कि शब-ए-क़द्र विश्वासियों को प्रार्थना करने, क्षमा मांगने और ईश्वर के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि करुणा, विनम्रता और मानवता की सेवा के मूल्यों को अपनाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह