केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में अर्थव्यवस्था और जम्मू-कश्मीर पर बजट प्रभाव पर विशेष व्याख्यान
जम्मू, 05 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू (सीयूजे) के मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा “केंद्रीय बजट 2026–27 को समझना” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. संजीव जैन के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अरुण गुप्ता मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल ऑफ बिज़नेस स्टडीज़ की डीन प्रो. नीलिका अरोड़ा ने की। इस अवसर पर मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन एवं अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अश्विनी कुमार नंदा, अन्य वरिष्ठ संकाय सदस्य, शोधार्थी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्रीय बजट के आर्थिक, औद्योगिक और दैनिक जीवन पर पड़ने वाले प्रभावों का विश्लेषण करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. शवेता कोहली द्वारा स्वागत भाषण और बजट की संक्षिप्त रूपरेखा से हुई। इसके बाद सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। शोधार्थी भाव्या महाजन ने बजट के प्रमुख बिंदुओं पर संक्षिप्त प्रस्तुति दी। अपने मुख्य संबोधन में अरुण गुप्ता ने केंद्रीय बजट का क्षेत्रवार विश्लेषण करते हुए जम्मू-कश्मीर की आर्थिक संभावनाओं पर विशेष प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तर सत्र में सक्रिय भागीदारी की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा