नटरंग के ‘संडे थिएटर’ में गूंजे ठहाके, ‘शातिर खिलाड़ी’ ने दर्शकों को किया लोटपोट
जम्मू, 14 जून (हि.स.)। नटरंग की साप्ताहिक रंगमंच श्रृंखला ‘संडे थिएटर’ के अंतर्गत रविवार को हिंदी नाटक ‘शातिर खिलाड़ी’ का मंचन किया गया। प्रसिद्ध नाटककार दया प्रकाश सिन्हा द्वारा लिखित और नीरज कांत द्वारा निर्देशित इस हास्य नाटक ने अपने रोचक कथानक और चुटीले संवादों से दर्शकों को खूब हंसाया तथा पूरे प्रदर्शन के दौरान सभागार ठहाकों से गूंजता रहा।
नाटक की कहानी लाला चदामी लाल नामक एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है जिसने चार शादियां की हैं। उसकी चौथी पत्नी उससे उम्र में काफी छोटी है और अपने गुस्सैल तथा जिद्दी स्वभाव के कारण उस पर पूरी तरह हावी रहती है। कभी अपनी युवावस्था में दबंग पति रहे लाला अब पत्नी के सामने बेहद दब्बू बन चुके हैं लेकिन समाज में अपनी छवि बनाए रखने के लिए वे दोस्तों और मोहल्ले वालों के बीच पत्नी पर अपने कथित रौब की बढ़-चढ़कर झूठी कहानियां सुनाते रहते हैं।
कहानी में रोचक मोड़ तब आता है जब पत्नी द्वारा मांगी गई एक विशेष पोशाक न ला पाने पर लाला को डांट और मार पड़ती है तथा घर से बाहर निकाल दिया जाता है। पत्नी शर्त रखती है कि वह तभी घर में प्रवेश कर सकता है जब वह मांगी गई पोशाक लेकर आए। इसके बावजूद लाला अपने दोस्तों के सामने खुद को ‘पुराना चैंपियन’ साबित करने की कोशिश करता है। अंततः वह अपनी अंगूठी गिरवी रखकर पैसे जुटाता है लेकिन अंत में पता चलता है कि उसने दोस्तों को नकली अंगूठी देकर चकमा दिया है। इसी के साथ यह साबित हो जाता है कि वह वास्तव में एक ‘शातिर खिलाड़ी’ है।
नाटक में नटरंग के युवा कलाकार आर्यन शर्मा, आकाश वधावन, कुशल भट्ट और निक्षय महाजन ने प्रभावशाली अभिनय कर दर्शकों की भरपूर सराहना अर्जित की। नाटक की प्रकाश व्यवस्था का डिजाइन और संचालन नीरज कांत ने किया। कार्यक्रम का समन्वय मोहम्मद यासीन ने किया जबकि प्रस्तुति का संचालन भावना शर्मा ने किया। यह प्रस्तुति नटरंग के साप्ताहिक ‘संडे थिएटर’ कार्यक्रम का हिस्सा थी जिसने दर्शकों को भरपूर मनोरंजन के साथ हास्य रंगमंच की उत्कृष्ट अनुभूति प्रदान की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा