लारगन ब्राह्मण बिरादरी का वार्षिक महासम्मेलन संपन्न

 


जम्मू, 24 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू तहसील के गांव लारगन स्थित कुलदेवी स्थान में लारगन ब्राह्मण बिरादरी का वार्षिक महासम्मेलन धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। जम्मू क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कुलदेवी के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे। बिरादरी के प्रमुख समाजसेवी रमेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातः 8:30 बजे विधिवत हवन प्रारंभ हुआ, जो सुबह 10 बजे पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर बिरादरी के प्रधान ओम प्रकाश शर्मा, जोगिंदर शर्मा, सीता राम शर्मा, संसार चंद शर्मा, बिहारी लाल शर्मा, रवि शर्मा, रिंकू शर्मा, मोहन लाल शर्मा, दीना नाथ शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने कुलदेवी स्थान, गांव लारगन में नए मंदिर और सामुदायिक हॉल के निर्माण हेतु बिरादरी से सहयोग की अपील की। इस अवसर पर एक विशाल सत्संग का भी आयोजन किया गया जिसमें वैदिक पंडितों ने भक्ति, संस्कार और पारिवारिक एकता पर प्रवचन दिए। वरिष्ठ सदस्य रमेश शर्मा और विद्वान पंडितों ने कहा कि कुलदेवी बिरादरी की आध्यात्मिक संरक्षक और मार्गदर्शक होती हैं जो परिवारों को नकारात्मक शक्तियों से रक्षा प्रदान करती हैं। नियमित पूजा से पारिवारिक संबंध मजबूत होते हैं और परंपराओं का संरक्षण सुनिश्चित होता है। समारोह ने सामुदायिक एकता और आस्था की मजबूत मिसाल पेश की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा