जम्मू पश्चिम में 45 लाख की लागत से लेन-ड्रेन कार्यों का शुभारंभ
जम्मू, 18 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू पश्चिम के विधायक अरविंद गुप्ता ने आज वॉर्ड संख्या-39 में 45 लाख रुपये की लागत से लेन और ड्रेन निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही टूटी सड़कों, खराब जल निकासी और जलभराव जैसी समस्याओं का समाधान करना है। इस अवसर पर विधायक अरविंद गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार जमीनी स्तर पर आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और हर क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि वॉर्ड स्तर पर इस प्रकार के विकास कार्य आधुनिक और प्रगतिशील शहर की नींव होते हैं जो लोगों के दैनिक जीवन पर सीधे प्रभाव डालते हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय पर इन्हें पूरा किया जाए। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रभात सिंह, मंडल अध्यक्ष कुशांत प्रजापति, महासचिव मोहित वैद सहित जम्मू नगर निगम के अधिकारी—एक्जीक्यूटिव इंजीनियर साहिल अरोड़ा, सहायक कार्यकारी अभियंता, जूनियर इंजीनियर और संबंधित ठेकेदार भी उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र की पुरानी समस्याओं का समाधान होगा और उन्हें काफी राहत मिलेगी। विधायक ने आश्वस्त किया कि पूरे क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से ऐसे और विकास कार्य भी किए जाएंगे ताकि जम्मू पश्चिम को स्वच्छ, स्वस्थ और सुविधाजनक बनाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा