लद्दाख के पर्यटन में लगातार हो रही ज़बरदस्त वृद्धि
लेह, 08 जुलाई (हि.स.)। लद्दाख में पर्यटन में लगातार हो रही ज़बरदस्त वृद्धि जारी है। इस वर्ष जून में विदेशी पर्यटकों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुनी हो गई है। जून 2025 में लद्दाख आने वाले 3349 विदेशी पर्यटकों की तुलना में जून 2026 में यह संख्या बढ़कर 6680 हो गई है जो 99.46% की वृद्धि दर्शाती है। यह वृद्धि उच्च-ऊंचाई वाले रोमांच, संस्कृति, आध्यात्मिकता और सतत पर्यटन के अनुभव चाहने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के बीच लद्दाख की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है।
अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों में इज़राइल लद्दाख के लिए सबसे बड़ा स्रोत बाज़ार बनकर उभरा है जिसके बाद थाईलैंड, संयुक्त राज्य अमेरिका, वियतनाम, जर्मनी, फ्रांस, यूनाइटेड किंगडम, जापान, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, ताइवान, रूस, इटली, दक्षिण कोरिया, स्पेन और कई अन्य यूरोपीय और दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश आते हैं। यह लद्दाख को रोमांच, प्रकृति और सांस्कृतिक पर्यटन के लिए विश्व स्तर पर पसंदीदा गंतव्य के रूप में बढ़ती पहचान को दर्शाता है।
विदेशी पर्यटकों को छोड़कर जून 2026 में लद्दाख में कुल पर्यटक आगमन बढ़कर 1,07,740 हो गया है जो जून 2025 की तुलना में 43.48 प्रतिशत की अच्छी वृद्धि दर्शाता है जब 75,089 पर्यटक लद्दाख आए थे। पहले छह महीनों में यानी जनवरी से जून 2026 तक कुल 2,25,286 पर्यटक लद्दाख आए हैं जिनमें 2,11,645 घरेलू और 13,641 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। ये नवीनतम आंकड़े लद्दाख के प्रति यात्रियों के बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं जो भारत के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है। साथ ही ये आंकड़े उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के नेतृत्व में केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन द्वारा पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करने, पर्यटन उत्पादों में विविधता लाने और अधिक पर्यटक-अनुकूल वातावरण बनाने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों की सफलता को रेखांकित करते हैं।
उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि पर्यटकों की संख्या में उत्साहजनक वृद्धि प्रशासन के उन निरंतर प्रयासों की सफलता को दर्शाती है जिनके तहत लद्दाख को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने के साथ-साथ इस क्षेत्र के सतत और जिम्मेदार विकास को सुनिश्चित किया जा रहा है।
उपराज्यपाल सक्सेना ने कहा पर्यटन लद्दाख की अर्थव्यवस्था का एक मजबूत स्तंभ है और हमारे हजारों लोगों की आजीविका का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। इस वर्ष पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि लद्दाख को एक प्रमुख, साल भर चलने वाले पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने के हमारे निरंतर प्रयासों का प्रतिबिंब है साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विकास सतत और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बना रहे। यह देखकर खुशी होती है कि यह वृद्धि हमारे होटल व्यवसायियों, गेस्ट हाउस मालिकों, होमस्टे संचालकों, टूर ऑपरेटरों, ट्रांसपोर्टरों, ट्रेकिंग गाइडों, कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय समुदायों के लिए नए सिरे से आत्मविश्वास और आर्थिक अवसर लेकर आई है जिनकी आजीविका पर्यटन पर निर्भर है।
उपराज्यपाल सक्सेना ने पर्यटन में आई इस वृद्धि का श्रेय माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घरेलू पर्यटन को दिए गए प्रोत्साहन और लद्दाख में किए गए व्यापक अवसंरचना विकास को दिया जिससे पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में तेजी आई है। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही उपराज्यपाल सक्सेना ने पर्यटन क्षेत्र को लगातार उच्च प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में प्रशासन ने कई परिवर्तनकारी सुधार किए हैं जिनमें नियामक प्रक्रियाओं को सरल बनाना, अनुपालन का बोझ कम करना, होटलों और गेस्ट हाउसों को उद्योग का दर्जा देना, पर्यटन अवसंरचना में सुधार करना, हवाई और सड़क संपर्क को मजबूत करना, पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार करना, जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देना और पर्यटन संबंधी गतिविधियों में निजी निवेश को प्रोत्साहित करना शामिल है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता