कठुआ में श्रम विभाग ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस-जागरूकता कार्यक्रम, नशा मुक्ति शपथ और श्रमिकों का सम्मान
कठुआ, 01 मई (हि.स.)। जिला कठुआ में श्रम विभाग द्वारा आज अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता एवं आउटरीच कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान एक प्रमुख कार्यक्रम स्थानीय फैक्ट्री में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य श्रमिकों के योगदान को सम्मान देना तथा उन्हें उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में संगठित और असंगठित दोनों क्षेत्रों के श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रमिकों को हाल ही में लागू किए गए श्रम कानूनों जैसे वेज कोड, इंडस्ट्रियल रिलेशंस कोड, ऑक्यूपेशनल सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशंस कोड और सोशल सिक्योरिटी कोड के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इन कानूनों के तहत मिलने वाले लाभ, सुरक्षा प्रावधान और श्रमिक अधिकारों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर सहायक श्रम आयुक्त कठुआ पियूषा खजूरिया ने संबोधित करते हुए अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और श्रमिकों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी से ही इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है।
कार्यक्रम के तहत नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें श्रमिकों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। श्रमिकों के उत्कृष्ट योगदान को सराहते हुए विभिन्न क्षेत्रों के श्रमिकों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा, श्रम विभाग द्वारा एक विधिक साक्षरता सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें श्रमिकों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष निदेशालय के सहयोग से कार्यक्रम स्थल पर एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जिसमें श्रमिकों को स्वास्थ्य जांच, परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इसी तरह के कार्यक्रम जिले के अन्य हिस्सों में भी आयोजित किए गए। भवन निर्माण कामगार यूनियन के सहयोग से आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों ने भाग लिया। इस दौरान श्रमिकों को उनके अधिकारों, जिम्मेदारियों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पूरे कार्यक्रम में श्रमिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली और श्रम के सम्मान की भावना को मजबूती मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया