श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

 


कठुआ, 21 नवंबर (हि.स.)। कठुआ शहर में खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री श्याम बालाजी सेवा मंडल की ओर से मुखर्जी चैक में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बाबा श्याम का आकर्षक दरबार सजाया गया जहां दिनभर श्रद्धालुओं ने माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के दौरान मुखर्जी चौक बाबा श्याम के जयकारों से गूंजता रहा। देर शाम बाबा की महिमा का गुणगान करने के लिए भव्य कीर्तन दरबार सजाया गया जिसमें श्याम प्रेमियों ने मधुर भजनों के माध्यम से बाबा का गुणगान किया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

आयोजकों ने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी को खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बाबा श्याम को भगवान श्रीकृष्ण का कलियुग में पूजनीय स्वरूप माना जाता है। श्रद्धालु उन्हें हारे का सहारा और शीश का दानी कहकर पुकारते हैं। इस आयोजन को सफल बनाने में वरुण गुप्ता, शशि शर्मा (सेठी), राजेश गुप्ता, गौरव शर्मा, सुनील टायल, प्रणव महाजन (ए वन डेकोरेशन), मणि गुप्ता (इनायत), आशीष चौहान, मनोज कुमार, ललित महाजन (पाबा हैंडलूम), आशु (चिंगवीर), राघव गुप्ता और अरुण सहित अनेक श्याम प्रेमियों ने सहयोग दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया