तरनाह नाले में खैर तस्करों ने वन विभाग की टीम पर की फायरिंग, 15 राउंड तक चली गोलियां, वाहन छोड़कर फरार

 


हीरानगर, 10 सितंबर (हि.स.)। कठुआ की तहसील हीरानगर के तरनाह नाले क्षेत्र में बीती रात खैर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम और खैर तस्करों के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। आरोप है कि नाके के दौरान तस्करों ने वन विभाग की टीम पर करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के बीच तस्कर अपने वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार सहायक वन संरक्षक के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने तरनाह नाले में खैर तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए नाका लगाया था। इसी दौरान संदिग्ध खैर तस्करों की गाड़ियां वहां पहुंचीं। कार्रवाई के दौरान एक वाहन तरनाह नाले में फंस गया जिसके बाद कथित तौर पर तस्करों ने वन विभाग की टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि तस्कर फायरिंग के बाद अपने दोनों वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। इनमें से एक वाहन नाले के बीचों-बीच पलटा हुआ मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने खैर तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और वन विभाग की टीमें घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।

मौके से फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों अथवा अन्य साक्ष्य मिलने की भी जांच की जा रही है। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया