विद्यालय के विद्यार्थियों की हुई नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच, दवाइयां भी की गईं वितरित

 

जम्मू,, 09 सितंबर (हि.स.)।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं समवेदना सोसाइटी के चेयरमैन केशव चोपड़ा द्वारा आज को-ऑपरेटिव पब्लिक स्कूल तालाब तिल्लो जम्मू में संस्था का 110वां नि:शुल्क नेत्र जांच एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।

शिविर के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों की नि:शुल्क नेत्र जांच, सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं बाल रोग संबंधी जांच की गई तथा आवश्यकता अनुसार विद्यार्थियों को नि:शुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं। यह स्वास्थ्य शिविर के.डी. मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, जम्मू के सहयोग से तथा डॉ. जे.पी. सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

शिविर का उद्घाटन जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड के उप सचिव कुलदीप शर्मा ने विद्यालय की प्रधान अध्यापिका श्रीमती अनीता शर्मा की उपस्थिति में किया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों की आंखों की जांच के साथ-साथ उनके सामान्य स्वास्थ्य एवं बाल रोग संबंधी जांच की गई। चिकित्सकों ने बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को नि:शुल्क दवाइयां प्रदान की गईं।

इस अवसर पर श्री कुलदीप शर्मा ने समवेदना सोसाइटी द्वारा समाज के लिए किए जा रहे निरंतर सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लंबे समय से विभिन्न वर्गों तक स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी सेवाएं पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समवेदना सोसाइटी निरंतर लोगों की सेवा में लगी हुई है। जरूरतमंद लोगों तक नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना एक सराहनीय पहल है। विशेष रूप से बच्चों के लिए विद्यालय में इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित करना बहुत महत्वपूर्ण है। मैं केशव चोपड़ा एवं उनकी पूरी टीम को इस जनसेवा कार्य के लिए बधाई देता हूं।

उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं आंखों की नियमित जांच से कई स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान की जा सकती है और उनका उचित उपचार संभव हो सकता है।

समवेदना सोसाइटी के चेयरमैन केशव चोपड़ा ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके द्वार तक पहुंचाना है ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक या अन्य कारणों से आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं उपचार से वंचित न रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का कम से कम इस्तेमाल करने की सलाह देते हुए कहा कि मोबाइल फोन एवं अन्य डिजिटल उपकरणों का अत्यधिक इस्तेमाल आंखों और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल का सीमित उपयोग करने, खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा अपने स्वास्थ्य एवं आंखों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।

केशव चोपड़ा ने कहा कि हमारा उद्देश्य आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उनके द्वार तक उपलब्ध करवाना है। समवेदना सोसाइटी द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। समाज सेवा का यह अभियान आगे भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जारी रहेगा।

विद्यालय की प्रधान अध्यापिका श्रीमती अनीता शर्मा ने समवेदना सोसाइटी के चेयरमैन केशव चोपड़ा एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार का नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित करना अत्यंत सराहनीय पहल है।

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता