कटरा में ताराकोट रोपवे के खिलाफ तीन दिवसीय ब्लड सिग्नेचर अभियान शुरू
जम्मू,, 02 मार्च (हि.स.)।
कटरा में प्रस्तावित ताराकोट रोपवे परियोजना के खिलाफ स्थानीय लोगों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। “कह-कहकर थक गए, अब खून से भी लिखकर दे रहे हैं कि रोपवे हमें नहीं चाहिए” इसी नारे के साथ लोगों ने अपना आक्रोश जाहिर किया।
कटरा युवा एकता द्वारा कटरा के फाउंटेन चैक पर तीन दिवसीय “ब्लड सिग्नेचर कैंपेन” का आयोजन किया गया जिसमें युवाओं और स्थानीय व्यापारियों ने रक्त से हस्ताक्षर कर ताराकोट रोपवे के विरोध में अपनी आपत्ति दर्ज करवाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रोपवे परियोजना से स्थानीय व्यापार, घोड़ा-पिट्ठू और अन्य पारंपरिक रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की कि जनता की भावनाओं का सम्मान किया जाए और इस परियोजना को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। उनका कहना है कि वे लंबे समय से ज्ञापन, प्रदर्शन और बैठकों के माध्यम से अपनी बात रखते आ रहे हैं लेकिन उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी बात नहीं मानी तो विरोध और तेज किया जाएगा। फाउंटेन चैक पर आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और एकजुटता का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता