रन फॉर यूनिटी में दौड़ा कठुआ, 700 विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश
कठुआ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस कठुआ ने जिला प्रशासन के सहयोग से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया। जिला पुलिस लाइन कठुआ से शुरू हुई यह दौड़ तांगड़ी कैफे तक पहुंची और वापस जिला पुलिस लाइन में संपन्न हुई। आयोजन में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के करीब 600 से 700 विद्यार्थियों के साथ पुलिस कर्मियों तथा नागरिक प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दौड़ को उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील केसर, डीएसपी डीएआर भगवान दास, डीएसपी मुख्यालय रविंद्र सिंह सहित पुलिस एवं नागरिक प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई जिसे सदैव याद रखा जाएगा। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया