नशा मुक्त अभियान के तहत कठुआ पुलिस की जागरूकता मुहिम, स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित

 


कठुआ, 07 मई (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने एयरवां-नगरी और गुजरो नगरोटा (रामकोट) क्षेत्रों में एंटी-ड्रग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। यह कार्यक्रम एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा (आईपीएस) के निर्देशन में चल रहे 100 दिवसीय अभियान का हिस्सा हैं।

सरकारी हाई स्कूल एयरवां और सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय गुजरो नगरोटा में आयोजित इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्टाफ, स्थानीय लोगों और युवाओं ने सक्रिय भागीदारी की।

इस दौरान नशे के दुष्प्रभाव, परिवार और समाज पर इसके असर तथा इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और नशे के खिलाफ मिलकर लड़ने की अपील की। कठुआ पुलिस ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे ताकि समाज को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया