कठुआ पुलिस ने कई स्थानों पर ‘थाना दिवस’ आयोजित कर सुनीं जन समस्याएं
कठुआ, 10 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस-जन संबंधों को मजबूत करने और लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर पुलिस कठुआ द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ‘थाना दिवस’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम लक्ष्मणपुर (मंजली), कठुआ (घाट्टी), हीरानगर (शेरपुर), बिलावर, बसोहली (भूंड), मल्हार और बनी (रौलका) सहित कई थाना क्षेत्रों में आयोजित किया गया जहां जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और पंचायत सदस्यों ने हिस्सा लिया और पुलिस अधिकारियों के साथ खुलकर बातचीत की। इस दौरान किरायेदार सत्यापन, नशा तस्करी, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को वर्तमान सुरक्षा स्थिति के बारे में जागरूक करते हुए अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा जबकि अन्य समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने सामुदायिक पुलिसिंग पर जोर देते हुए कहा कि इससे जनता का विश्वास बढ़ता है और अपराध तथा सामाजिक बुराइयों से लड़ने में मदद मिलती है। खास तौर पर नशा उन्मूलन के लिए सभी से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया गया। एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने कहा कि जिला पुलिस कठुआ जनता के साथ समन्वय बनाकर पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि जिले को अपराध और सामाजिक बुराइयों से सुरक्षित रखा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया