नशा मुक्त अभियान के तहत कठुआ पुलिस की बड़ी पहल, स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम और रैली आयोजित

 


कठुआ, 28 अप्रैल (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर एंटी-ड्रग जागरूकता कार्यक्रम और रैली का आयोजन किया। यह अभियान एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के समग्र नेतृत्व में चल रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान का हिस्सा है।

इस दौरान हीरानगर के इंफैंट जीसस हायर सेकेंडरी स्कूल तथा नौ चक लछीपुर के सरकारी मिडिल स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

वहीं बसंतपुर क्षेत्र में सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल के सहयोग से एक विशाल एंटी-ड्रग रैली भी निकाली गई। कार्यक्रमों में संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया तथा छात्रों, शिक्षकों, स्थानीय युवाओं और आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने से नो टू ड्रग और “नशा हटाओ, देश बचाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने अपने संबोधन में नशे के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक और पारिवारिक नुकसान पर प्रकाश डालते हुए लोगों से सतर्क रहने और नशे के खिलाफ मुहिम में सहयोग करने की अपील की। कठुआ पुलिस ने दोहराया कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे ताकि समाज को नशे की बुराई से मुक्त कर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया