कठुआ पुलिस ने लापता युवती को ढूंढकर परिवार से मिलाया

 




कठुआ, 20 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर पुलिस कठुआ ने बसोहली क्षेत्र में एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए लापता युवती को खोजकर सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल 2026 को मोहम्मद यूसुफ निवासी प्लाख मोरा चकियां, तहसील बसोहली ने अपनी 18 वर्षीय बेटी शहनाज बीबी के लापता होने की शिकायत थाना बसोहली में दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना बसोहली की टीम ने एसएचओ के नेतृत्व में और एसडीपीओ बसोहली के मार्गदर्शन में विभिन्न स्थानों पर तलाश अभियान चलाया। तकनीकी सहायता और मानव खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने युवती को ढूंढ निकाला। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवती को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया