अवैध शराब के खिलाफ कठुआ पुलिस की कार्रवाई, 500 लीटर लाहन नष्ट
कठुआ, 25 अगस्त (हि.स.)। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कठुआ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए घाटी क्षेत्र में करीब 500 लीटर लाहन नष्ट की जबकि नगरी क्षेत्र में करीब 20 लीटर अवैध देसी शराब बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस की निगरानी में की गई।
जानकारी के अनुसार नगरी पुलिस चैकी की टीम ने सूचना के आधार पर तरनाह क्षेत्र में छापेमारी कर तरलोक चंद निवासी चक द्राब कठुआ को 20 लीटर अवैध देसी शराब के साथ पकड़ा। इस संबंध में थाना कठुआ में एफआईआर नंबर 415/2026 धारा 48(ए) एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस चैकी घाटी की टीम ने गश्त के दौरान अवैध शराब बनाने के लिए तैयार करीब 500 लीटर लाहन तथा निर्माण में इस्तेमाल सामग्री मौके पर नष्ट की। एसएसपी ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया