कठुआ पुलिस ने विभिन्न थानों में मनाया थाना दिवस, जनता की समस्याएं सुनीं
कठुआ, 13 मार्च (हि.स.)। पुलिस/जनता के बीच बेहतर तालमेल और लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला पुलिस कठुआ द्वारा विभिन्न स्थानों पर ‘थाना दिवस’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम थाना कठुआ, हीरानगर के डिंगा अंब, बिलावर के कोहग और बनी के चंदल क्षेत्र में आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने किरायेदार सत्यापन, नशा तस्करी पर रोक, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, ट्रैफिक प्रबंधन और कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को मौजूदा सुरक्षा हालात के बारे में जागरूक करते हुए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने कहा कि जिला पुलिस जनता के साथ समन्वय बनाकर पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा अपराध और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया